भारत की लगाम न्यूज़ लखनऊः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाला सेवा पखवाड़ा अभियान प्रदेश भर में आयोजित होगा। बुधवार को अभियान की कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का हर कार्यक्रम राष्ट्र भाव के साथ होता है। हमारे कार्यकर्ता जब इसे अभियान मानकर बढ़ते हैं तो वे आमजन का विश्वास का हिस्सा बनते हैं। वहीं भाजयुमो अध्यक्ष व अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक तेजस्वी सूर्या ने योगी को देश का सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने सेवा पखवाड़ा में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया। पार्टी नेतृत्व से आगामी पंचायत चुनावों में युवाओं को अधिक से अधिक मौका दिए जाने की भी अपील की। कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता खून देते हैं और पसीना भी बहाते हैं।
यह भी पढ़े:-जीएसटी हो गया कम, अब दिवाली-छठ पर झूम जाएगा मन, जानिए क्या-क्या होगा सस्ता, पूरी लिस्ट
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता कार्यक्रम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कहा कि बूथ स्तर की टीम मलिन बस्तियों में कार्यक्रमों का हिस्सा बने। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें। हम सभी को वोकल फार लोकल के मंत्र को आगे बढ़ाना है। जरूरी है कि देश का पैसा यहां के कारीरों को ही मिले, बाहर जाएगा तो आतंकवाद में प्रयोग होगा। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत हम दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण वितरण करेंगे। कार्यकर्ता पूरे पखवाड़े में पीएम पर लिखी गईं पुस्तकें उपहार के रूप में दें। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता से पहले विधायक खेलकूद प्रतियोगिता कराई जाएगी। योगी ने विकसित भारत चित्रकला प्रतियोगिता के जरिये स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पर जोर दिया। कहा कि यह प्रतियोगिता सावर्जनिक स्थानों पर करें, जिससे दीवारें भी सजेंगी और युवाओं का सम्मान भी होगा। सभी 17 नगर निगमों व गौतमबुद्ध नगर में नमो मैराथन कार्यक्रम पर जोर दिया। मैराथन में 10 हजार से अधिक युवाओं को हिस्सा बनाने की अपील की। तेजस्वी सूर्या को भी आमंत्रित किया और कहा कि यूपी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की लंबी फौज है।
सूर्या ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिनकी चर्चा दो हजार किलोमीटर दूर बेंगलुरु में भी होती है। प्रधानमंत्री का जन्मदिवस त्योहार की तरह मनना चाहिए। विजन 2047 के तहत उन्होंने देश में सांस्कृतिक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा का दूसरा पहलू जनसेवा का है। सेवा पखवाड़ा केवल राजनीतिक नहीं बल्कि जनसेवा और संवेदनशील जुड़ाव का माध्यम है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मजबूत भारत के लिए मजबूत भाजपा का होना बेहद जरूरी है। मोदी देश के पहले पीएम हैं, जो जन्मदिन को सेवा दिवस पखवाड़े के रूप में मनाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में, सार्वजनिक मंच से उनकी माता के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग विपक्ष के मानसिक दीवालियापन को दर्शाता है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत विकसित भारत बनकर पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ेगा। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सेवा पखवाड़ा के तहत होने वाले आयोजन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शिक्षक व स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद के चुनावों की तैयारी में भी जुटने के लिए कहा।






