प्रताप विहार में मां भगवती जागरण के दौरान हुई घटना, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
भारत की लगाम न्यूज़ गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश:- गाजियाबाद के प्रताप विहार इलाके में शहर विधानसभा सीट से विधायक संजीव शर्मा की कार पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कार के चालक को चोट लगने की जानकारी है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक संजीव शर्मा प्रताप विहार स्थित कृष्णा विहार अपार्टमेंट के पास आयोजित मां भगवती जागरण में शामिल होने पहुंचे थे। बताया गया कि विधायक ज्योति प्रज्वलित करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर गए थे, जबकि उनकी कार कुछ दूरी पर खड़ी थी।
कार पर फेंके गए पत्थर
आरोप है कि इसी दौरान पास के एक मकान में रहने वाले कुछ युवकों ने विधायक की कार पर पत्थर फेंके। बताया जा रहा है कि दो पत्थर कार पर लगे, जबकि एक पत्थर कार के चालक को लगा, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
भारत की लगाम न्यूज़
खबर वही, जो जनता तक पहुंचे।









