शिवली रोड तिराहे का मामला, पीडब्ल्यूडी व राजस्व विभाग की टीम ने की कार्रवाई
भारत की लगाम न्यूज़ शिवराजपुर (बिल्हौर):- कस्बे के शिवली रोड तिराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध ढंग से हो रहे भाजपा नेता के होटल व दुकान के निर्माण को बुधवार को पीडब्ल्यूडी व राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद निर्माण रुकवा दिया। यह होटल भाजपा की जिला उपाध्यक्ष गीता गुप्ता का बताया जा रहा। वहीं, नगर पंचायत की ओर से अवैध निर्माण कर रहे दुकान संचालक को भी नोटिस देने की बात कही गई है।
यह भी पढ़े:-युवाओं को जॉब क्रिएटर बना रही सीएम युवा स्कीम : योगी
एसडीएम बिल्हौर संजीव दीक्षित के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनुपम तिवारी, नायब तहसीलदार रंजीत यादव, राजस्व निरीक्षक प्रदीप त्रिपाठी, नगर पंचायत ईओ दिव्या गुप्ता व लिपिक अतुल दुबे की टीम बुधवार को शिवली रोड तिराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य की जांच करने पहुंची। टीम के पहुंचते ही काम कर रहे मजदूर व मिस्त्री मौके से भाग गए। नायब तहसीलदार रंजीत कुमार ने बताया कि मौके पर निर्माण करा रहे लोगों को बुलाकर भूमि के अभिलेख मांगे गए तो वह नहीं दिखा सके। इसकी वजह से निर्माण कार्य रोक दिया गया। नायब तहसीलदार ने अवैध कब्जेदार को नोटिस जारी करने की बात भी कही है। कहा कि तीन नोटिस जारी करने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटता तो जेसीबी से ढहाया जाएगा। उधर, भाजपा की जिला उपाध्यक्ष गीता गुप्ता ने बताया कि पांच पीढ़ियों से उनका होटल है, जिसके कई साक्ष्य उनके पास हैं। टीम आई थी मुझे कोई नोटिस तो दिया नहीं गया है। अवैध निर्माण की शिकायत किसने की है उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़े:-सैनिकों को रक्षा सूत्र बांधने सुंदरकांड पाठ, कई निर्णय
मालूम हो कि गीता गुप्ता शिवराजपुर नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया गया था। लेकिन पार्टी से बागी हुए कैलाश कटियार की पत्नी निर्मला कटियार भाजपा प्रत्याशी को हराकर नगर पंचायत की अध्यक्ष बनी।








