अवैध संबंधों के शक में पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप, पति हिरासत में

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारत क़ी लगाम न्यूज़ छिबरामऊ (कन्नौज)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छिबरामऊ क्षेत्र के जगतपुर गांव में अवैध संबंधों के शक को लेकर एक पति पर अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने का गंभीर आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक के चलते उसने कथित तौर पर पत्नी पर पेट्रोल डालकर घर में आग लगा दी। आग लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह, आग लगाए जाने की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भारत की लगाम न्यूज़
खबर वही, जो सच के करीब हो।

Leave a Comment