भारत की लगाम न्यूज़ कैराना (शामली):- शामली जनपद के कैराना में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के जिला अध्यक्ष शुभम शर्मा के नेतृत्व में भव्य प्रबुद्ध जागरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी सम्मिलित हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज को शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी ऐतिहासिक भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि समाज की युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और महर्षि परशुराम के आदर्शों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है, और संगठित होकर ही सामाजिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है।
सभा को मुख्य रूप से पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष श्री विजेंद्र शर्मा, परशुराम सेना के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष श्री जुगल किशोर शर्मा, भारतीय मतदाता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आदेश शर्मा, मेरठ जिला अध्यक्ष श्री दीपक शर्मा, किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश सचिव श्री विजय कौशल, तथा अश्वनी शर्मा सहित अनेक गणमान्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, शिक्षा, युवाओं की भागीदारी और संगठन की मजबूती पर विस्तार से अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता 52 खाप चौधरी समाज के अध्यक्ष श्री सत्येंद्र शर्मा ने की, जबकि सफल एवं प्रभावी संचालन योगेश भारद्वाज ने किया। संगोष्ठी में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, समाजसेवी, अधिवक्ता, शिक्षाविद, युवा एवं बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष शुभम शर्मा ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए समाजहित एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।








