स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में पार्लियामेंट थाने पहुंचा हिंदू रक्षा दल, FIR को बताया गलत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नई दिल्ली भारत की लगाम न्यूज़ :- जंतर-मंतर मारपीट प्रकरण में गिरफ्तार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में शनिवार को हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पार्लियामेंट स्ट्रीट (संसद मार्ग) थाना पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर को गलत और एकतरफा कार्रवाई बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

हिंदू रक्षा दल के प्रतिनिधियों ने पुलिस को एक ज्ञापन सौंपकर नाबालिग छात्रा और उसके पिता के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संगठन का आरोप है कि मामले के सभी पक्षों की समान रूप से जांच होनी चाहिए और किसी भी व्यक्ति के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए।

उधर, दिल्ली पुलिस ने पहले ही स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ नाबालिग की शिकायत पर पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इससे पहले जंतर-मंतर पर मारपीट मामले में भी उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और अदालत ने उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।
नाबालिग की शिकायत पर FIR

इसके बाद नाबालिग ने शिकायत दी कि उसे सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं. शिकायत में स्वतंत्र का नाम भी शामिल था. इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग को ऑनलाइन धमकी किसने दी. जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

दूसरी तरफ, हिंदू संगठन ने दिल्ली पुलिस को नाबालिग और उसके पिता के खिलाफ FIR दर्ज करने की शिकायत दी है. संगठन का कहना है कि जिस तरह स्वतंत्र के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उसी तरह नाबालिग और उसके पिता के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी जांच होनी चाहिए.

हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्वतंत्र के खिलाफ की गई कार्रवाई गलत है. उनका दावा है कि मामले में गंभीर धाराएं बेवजह लगाई गई हैं. अब पुलिस की जांच से ही साफ होगा कि इन आरोपों में क्या तथ्य सामने आते हैं.

नोट: यह मामला न्यायालय और पुलिस जांच के अधीन है। हिंदू रक्षा दल के आरोप और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई दोनों पक्षों के दावे हैं; अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा.

Leave a Comment