भारत की लगाम न्यूज़ चपुन्नाः ग्राम चपुन्ना में साझीदार से खेती का हिसाब-किताब मांगने पर युवक को जान से मारने व शव तक गायब कर देने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि धमकी देने के बाद उसके खेत पर लगे नलकूप सबमर्सिबल से स्टार्टर और सेक़्शन राड चोरी कर लिया गया। पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की’ गुहार लगाई है।
चपुन्ना निवासी अभिषेक तिवारी पुत्र राजेश तिवारी ने बताया कि वह सात वर्षों से दिल्ली में रहकर नौकरी कर रहे हैं। गांव में कृषि भूमि पर गुजरियनपुर्वा का युवक बटाई (साझेदारी) पर खेती करता था। दिल्ली से घर लौटने के बाद जब अभिषेक ने साझेदार से खेती की उपज और लागत का हिसाब मांगा, तो वह टालमटोल करने लगा। युवक कुछ दिन पूर्व गायब हो गया। 29 अगस्त को उसके मोबाइल फोन पर साझेदार के बेटे व उसके साथी का फोन आया।
आरोपितों ने उसे छिबरामऊ बुलाकर हाथ-पैर तोड़ने, जान से मारने और लाश तक न मिलने की धमकी दी। जिसकी रिकार्डिंग उसके पास सुरक्षित है। धमकी मिलने के बाद रविवार की रात उसके खेत में लगे सबमर्सिबल बोरवेल से स्टार्टर व करीब 50 किलोग्राम वजन का सेक्शन पाइप चोरी कर लिया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 से 30 हजार रुपये है। सकरावा थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। चपुन्ना चौकी इंचार्ज मामले की जांच कर रहे हैं। दोनों के बीच साझेदारी को लेकर कुछ लेन-देन का मामला होने की बात सामने आई है।








