भारत की लगाम न्यूज़ ग्राम सनौटा:- आर्यावर्त विश्व सनातन शक्ति परिषद के तत्वावधान में ग्राम सनौटा में एक विशाल निःशुल्क मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस जनसेवा अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना तथा लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आर्यावर्त विश्व सनातन शक्ति परिषद की समस्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी उपस्थित रही तथा सभी पदाधिकारियों ने समाज सेवा को संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
ग्रामीणों ने इस निःशुल्क मेडिकल कैंप की सराहना करते हुए परिषद के इस प्रयास को अत्यंत सराहनीय बताया और कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की मंगलकामना के साथ किया गया।






