भारत की लगाम न्यूज़ कन्नौज:- विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के प्रमुख रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की।
समारोह के दौरान छिबरामऊ क्षेत्र के ग्राम घिलोई खास निवासी, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी आचार्य डॉ. रजनीश दुबे को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. दुबे अब तक 80 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर चुके हैं। इसके साथ ही वे अपने अभियान “मिशन सेवा ही संकल्प है” के माध्यम से लगातार लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक कर रहे हैं और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने डॉ. दुबे के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और ऐसे समाजसेवी व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद के अनेक वरिष्ठ रक्तवीरों, समाजसेवियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति रही। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. रजनीश दुबे ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और वे भविष्य में भी रक्तदान एवं जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेंगे।






