दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे सीएम ने दिए निर्देश
भारत की लगाम न्यूज़ वाराणसी:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अवैध कब्जे करने वाले माफिया की थानावार सूची बनाएं। पेशेवर गुंडे, चेन स्नेचरों को पकड़ें और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। माघ मेले और आगामी पाँ को देखते हुए तैयारी रखें। सभी विभाग काशी की वैश्विक छवि को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करें। सीवरेज-पेयजल व्यस्था पर नगर निगम व जल निगम गंभीरता से नजर रखे।
मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को काशी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दालमंडी की सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण का काम जल्द पूरा करें। सड़क निर्माण के काम में तेजी लाएं। इससे संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों की उचित पैरवी कर तेजी से निस्तारण सुनिश्चित कराएं। राजस्व वादों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराना है।
मुख्यमंत्री ने जिले में हुक्का बार सहित अन्य अनैतिक गतिविधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए और कहा कि लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम और अन्य कार्यदायी संस्थाएं विकास परियोजनाओं का काम तेजी से कराएं। जनप्रतिनिधियों से बात करें और उनके सुझावों को शामिल करें। उन्हें परियोजना की गति की जानकारी दें।
मुख्यमंत्री ने पुलिस, होमगार्ड समेत अन्य सुरक्षा बलों को अपनी कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि पर्यटकों व आमजन के प्रति सुरक्षा बलों का व्यवहार शालीन होना चाहिए। इससे पहले डीएम सत्येंद्र कुमार ने जिले में निर्माणाधीन विकास कार्यों की जानकारी दी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गोतस्करों पर कार्रवाई, साइबर अपराध व यातायात व्यवस्था की जानकारी दी है।






