BKL NEWS NETWORK BMC Elections: बीएमसी चुनाव के लिए मतदान से पहले महायुति गठबंधन के घटक दलों के खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि, मतदान से पहले ही महायुति के 68 प्रत्याशी निर्विरोध जीत गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा भाजपा के उम्मीदवार, फिर शिवसेना और एनसीपी के उम्मीदवार जीते हैं।
महाराष्ट्र में 15 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा और महायुति गठबंधन के सहयोगियों ने 68 सीटें निर्विरोध जीत ली है। इसमें अकेले भाजपा के 44 उम्मीदवार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के 22 और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के दो उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने उन नगर निकायों से रिपोर्ट मांगी है, जहां सत्तारूढ़ दलों के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
महायुति के 68 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में शुक्रवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन था। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने शुक्रवार देर शाम को बताया कि भाजपा और महायुति के 68 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जो नगर निकाय के चुनाव में पार्टी की बढ़ती ताकत और लोकप्रियता को दर्शाता है।
भाजपा के अकेले 44 उम्मीदवार जीते
केशव उपाध्याय ने बताया कि निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों में भाजपा के 44 उम्मीदवार शामिल हैं, जिनमें सबसे अधिक 15 उम्मीदवार ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) से है, जबकि यहां से शिवसेना के 6 उम्मीदवार निर्विरोध जीते हैं। इसके बाद पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, पनवेल, भिवंडी, धुले, जलगांव और अहिल्यानगर हैं। बड़ी संख्या में सत्तापक्ष के उम्मीदवारों के निर्विरोध जीतने के मामले में विपक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग करेगा जांच
वहीं, निर्वाचन आयोग ने फैसला किया है कि वह इस बात की जांच करेगा कि क्या निर्विरोध चुने जान के मकसद से नामांकन वापस लेने के लिए विपक्षी उम्मीदवारों पर कोई दबाव तो नहीं डाला गया या उन्हें कोई प्रलोभन तो नहीं दिया गया।






