भारत की लगाम न्यूज़ लखनऊः पूर्व आईपीएस प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष होंगे. प्रशांत कुमार रिटायर्ड आईपीएस अफसर हैं. बुधवार को फैसला लिया गया कि 1990 बैच के आईपीएस प्रशांत कुमार शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष होंगे. प्रशांत कुमार का तीन साल का कार्यकाल होगा. प्रशांत कुमार उच्च और माध्यमिक अयोग के अध्यक्ष होंगे. यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग के जरिए यूपी में माध्यमिक और उच्च शिक्षा के टीचरों की भर्ती होती है. इसी साल मई के महीने में प्रशांत कुमार रिटायर हुए थे. रिटायरमेंट के बाद योगी सरकार ने उनको महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है.
प्रशांत कुमार ने किए 300 एनकाउंटर
बता दें कि प्रशांत कुमार 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं और मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के रहने वाले हैं. यूपी पुलिस में उनकी पहचान एक तेज तर्रार, निर्णयात्मक और माफिया विरोधी अफसर के रूप में ही है. उन्होंने अपने कार्यकाल में करीब 300 एनकाउंटर किए हैं. इस दौरान कई कुख्यात अपराधियों का सफाया भी हुआ. अपने कार्यकाल में उन्होंने एडीजी मेरठ जोन, डीजी कानून व्यवस्था और डीजी आपराधिक शाखा जैसे अहम पदों पर काम किया है.
चार बार प्रशांत कुमार को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक
प्रशांत कुमार को उनके अदम्य साहस और नेतृत्व के लिए लगातार चार साल यानी कि 2020, 2021, 2022 और 2023 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित भी किया गया है. प्रशांत कुमार की यह उपलब्धि उन्हें देश के उन चुनिंदा पुलिस अधिकारियों में शामिल करती है, जिन्हें चार बार यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है. प्रशांत कुमार ने सेवा के साथ-साथ उच्च शिक्षा को भी प्राथमिकता दी. उन्होंने अप्लाइड जूलॉजी में एमएससी, डिजास्टर मैनेजमेंट में एमबीए और डिफेंस एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज में एमफिल की डिग्रियां हासिल की हैं.
शासन के पत्र में क्या लिखा
शासन की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है, ‘उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम, 2023 यथा-संशोधित उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (संशोधन) अध्यादेश, 2025 की धारा-4 के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करके श्री राज्यपाल, डॉ. प्रशांत कुमार पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद, पूर्व पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश (सेवानिव-त्त) को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष पद पर सहर्ष नियुक्त करते हैं.






