भारत की लगाम गोरखपुर:- विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई करें। एजेंटों से पीड़ितों को पूरी रकम वापस दिलाना सुनिश्चित करें। यह निर्देश उन्होंने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर के दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में जनता दर्शन के लिए तब दिया जब एक महिला ने परिवार के सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगे जाने का प्रकरण बताया। उन्होंने महिला को आश्वासन देने के साथ ही सलाह दी कि विदेश जाने के नाम पर एजेंटों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। गलत तरीके से विदेश जाने के चलते कई बार लोगों को वहां जेल में रहना पड़ जाता है। मुख्यमंत्री ने अपना यह निर्देश एक्स पर भी साझा किया। प्रदेश भर के अधिकारियों को इसका पालन करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी को आश्वास्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दर्शन में आए पुलिस से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पीड़ितों की मदद में विलंब और लापरवाही कतई नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। हर पीड़ित की त्वरित मदद की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।






