भारत की लगाम न्यूज़ कानपुर नगर:-बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेहटा मजरा जोहरनपुरवा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां खेतों के ऊपर से गुजर रहे ढीले बिजली तारों से निकली चिंगारी ने गेहूं की खड़ी फसल को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और किसानों की मेहनत पल भर में राख हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही बिल्हौर विधायक मोहित सोनकर (राहुल बच्चा सोनकर) बिना देर किए मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान का आंकलन किया और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मौके पर ही विधायक ने कानूनगो, लेखपाल एवं बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को तलब कर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। विधायक ने कहा कि किसानों की मेहनत और फसल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने
संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों में आक्रोश व्याप्त है और वे जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने के संकेत दिए हैं।






