कार अनियंत्रित होकर पलटी, ट्रक ने रौंदा, भतीजी का बर्थडे मनाकर आ रहे थे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारत की लगाम न्यूज़:-यूपी के मैनपुरी में एक परिवार के 5 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक बच्ची घायल है। पूरा परिवार स्विफ्ट डिजायर कार से आगरा से छिबरामऊ जा रहा था। कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलटते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई।
नवीगंज की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। परिवार के लोग भतीजी का बर्थडे मनाकर गांव लौट रहे थे। हादसा शुक्रवार दोपहर 1:15 बजे बेवर थाना क्षेत्र में नगला ताल के पास जीटी रोड पर हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से डैमेज हो गई। आसपास के लोग पहुंचे तो कार सवार सभी लोग गाड़ी के अंदर फंसे हुए थे। जान बचाने की गुहार लगा रहे थे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

थोड़ी देर में पुलिस टीम एम्बुलेंस के साथ पहुंची। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकालकर जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक बच्ची को हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है।

भतीजी का बर्थडे मनाकर लौट रहा था परिवार

किशनी थाना क्षेत्र के हीरापुर रंगपुर गांव निवासी दीपक चौहान (36) कन्नौज के छिबरामऊ में आढ़ती का काम करते थे। वो अपने परिवार के साथ छिबरामऊ ही शिफ्ट हो गए थे। उनके छोटे भाई आगरा में रहते हैं। दीपक कार से परिवार के साथ आगरा में भतीजी काव्या चौहान का बर्थडे मनाने गए थे।

शुक्रवार को दीपक कार से पत्नी पूजा (34), बेटी आशी (9), आराध्या (11), भांजी आर्या (4) और बहन सुजाता (50) के साथ घर लौट रहे थे। बताया जा रहा कि नगला ताल के पास जीटी रोड पर बारिश का पानी भरा था, जिस वजह से उन्हें डिवाइडर नहीं दिखा।

कार अचानक से बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। नवीगंज की ओर से आ रहा ट्रक कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दीपक, उनकी पत्नी पूजा, बेटी आशी, भांजी आर्या और बहन सुजाता की मौत हो गई। दीपक की बेटी आराध्या (11) गंभीर रूप से घायल है।

आराध्या ने कहा- चाचा की बेटी का बर्थडे मनाने गए थे​​​​​आराध्या बोली- हम लोग आगरा चाचा की बेटी का बर्थडे मनाने गए थे। वहीं से लौट रहे थे। कार में मेरे पापा-मम्मी, बुआ और हम तीन बहनें थीं।

Leave a Comment