गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार शाम को गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा के बाद अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान बकरीद, विश्व योग दिवस और आयुष विश्वविद्यालय निर्माण की स्थिति पर चर्चा हुई।
सीएम ने कहा कि पर्व-त्योहार में आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन कोई भी नई परंपरा की शुरुआत न हो। विश्व योग दिवस (21 जून) के 11वें संस्करण को वृहद रूप में मनाने की व्यापक तैयारी अभी से शुरू कर दी जाए। जिले में मुख्य कार्यक्रम के लिए बड़े और बेहतरीन स्थल को जल्द से जल्द चिह्नित कर लिया जाए।
सीएम योगी ने कहा कि 21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहभागिता होगी, जिसका सीधा प्रसारण सभी प्रमुख स्थलों पर किया जाना है। योग दिवस से अधिकाधिक नागरिकों को जोड़ने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए।
बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी ली। कहा कि 7 जून को
बकरीद का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। बकरीद पर कुर्बानी पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही होनी चाहिए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर रहे रोक को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। त्योहार पर साफ सफाई की दुरुस्त व्यवस्था के साथ ही कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की सुनियोजित व्यवस्था रहे।
सीएम ने निर्देश दिया कि नमाज परंपरागत स्थलों पर ही हो। सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की अनुमति न हो। कहा, हर पर्व-त्योहार पर आस्था का सम्मान हो, लेकिन नई परंपरा की अनुमति नही मिलनी चाहिए।






