वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, गाजियाबाद में मचा हड़कंप; आतंकी संगठन के दावे से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारत क़ी लगाम न्यूज़ गाजियाबाद:- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना में पुलिस चौकी की दीवारों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमाके के दौरान कांच के टुकड़े लगने से एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोशल मीडिया पर आतंकी संगठन का दावा

घटना के बाद सोशल मीडिया पर ‘गाजी 2’ नाम के अकाउंट से ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ नामक संगठन की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और जांच एजेंसियां सोशल मीडिया पर किए गए दावे की प्रामाणिकता की जांच कर रही हैं।

यूपी एटीएस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (ATS), बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और धमाके के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

धमाके के पीछे की वजह जानने में जुटी एजेंसियां

फिलहाल जांच का मुख्य केंद्र धमाके की प्रकृति, इस्तेमाल किए गए विस्फोटक और सोशल मीडिया पर सामने आए कथित आतंकी दावे की सत्यता है। पुलिस की आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और संभावित साजिश को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

भारत की लगाम न्यूज़
खबर वही, जो सच के साथ।

Leave a Comment