भारत की लगाम न्यूज़ लखनऊ:- उत्तर प्रदेश में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के लिए नवगठित आर्थिक सलाहकार समूह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शनिवार को मुलाकात के दौरान सुझाव दिया कि यूपी अपने खाद्य पदार्थों को ग्लोबल ब्रांड बनाए। इसमें दुनिया भर में फैले यूपी के प्रवासियों की अहम भूमिका होगी।
इस क्षेत्र में यूपी के अंदर देश का बड़ा हब बनने की पूरी क्षमता है। मुख्यमंत्री ने उनके सुझावों पर सहमति जताई और कहा कि समूह के सुझावों का तय समय पर क्रियान्वयन जरूरी है। समूह में कृषि, शिक्षा, सेमी कंडक्टर, एमएसएमई, स्टार्टअप के विशेषज्ञ शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सलाहकार समूह से कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का गठन हो चुका है, जो जल्द ही काम करना शुरू कर देगा। इसके तहत जॉब मैपिंग कर युवाओं का कौशल विकास व भाषा प्रशिक्षण के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ई-बसों के माध्यम से राज्य में स्वच्छ और आधुनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। जल्द यूपी में हिंदुजा ग्रुप की यूनिट ई वाहनों का उत्पादन शुरू कर देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में जहां किसानों को 8-10 घंटे बिजली मिल रही है, वहीं उत्तर प्रदेश में आज किसानों को 15-16 घंटे बिजली मिल रही है। प्रदेश सरकार किसानों को पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत एक लाख सोलर पैनल उपलब्ध करा रही है। 2027 तक उत्तर प्रदेश 22 हजार मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी का उत्पादन शुरू कर देगा।
प्रदेश की एक दर्जन सिंचाई परियोजनाओं को पूरा कराकर नहरों के माध्यम से 23 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में हर साल मात्र 500 फैक्ट्रियों का रजिस्ट्रेशन होता था। अब 4 हजार फैक्ट्रियों का रजिस्ट्रेशन प्रति वर्ष हो रहा है। नवगठित आर्थिक सलाहकार समूह ने सुझाव दिया कि प्रदेश में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए और काम करने की जरूरत है। प्रदेश में आईटी टैलेंट मिशन लांच किया जाए। इससे सॉफ्वेयर निर्माण एवं निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।






