नाला निर्माण को लेकर दो पक्ष भिड़े, पथराव, 16 घायल पुलिस ने घायलों को सीएचसी सौरिख भिजवाया, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चपुन्ना (कन्नौज)। गांव में अधूरे पड़े नाले को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज के साथ जमकर पथराव हुआ और लाठी डंडे चले। विवाद में दोनों पक्षों से महिलाओं समेत 16 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

सौरिख क्षेत्र के ग्राम जरिहापुर में जिला पंचायत द्वारा साल 2020 में नाले का निर्माण शुरू कराया गया था। गांव में नाले का कुछ हिस्सा बन चुका है। लोगों के विरोध के चलते गांव में करीब 300 मीटर नाला अधूरा पड़ा है, जबकि गांव के बाहर अरिंद नदी तक नाला निर्माण पूरा हो चुका है। नाला निर्माण कराने के लिए गांव के मोहन पाल ने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे। शनिवार को सीएम कार्यालय के निर्देशों के अनुपालन में एडीओ राजबहादुर गांव में जांच करने पहुंचे थे। उसी दौरान पाल व ब्राह्मण समाज के लोग आमने सामने आ गए। विवाद बढ़ता देख एडीओ पुलिस को सूचना देने के बजाय जान बचाकर वहां से भाग निकले।
उसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव व लाठी-डंडे चलने शुरू को गए।चपुन्ना चौकी इंचार्ज राजकुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और लाठियां फटकार कर विवाद करने वालों को खदेड़ा। विवाद की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के साथ एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी भिजवाया। विवाद में एक पक्ष से गुड्डू तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, गोपी तिवारी, सोनू तिवारी, गोलू तिवारी, शालिनी व दूसरे पक्ष से ब्रह्मपाल, मुनीश, रोहित, साधना, आलोक, बृजेश पाल, रमाकांत, दिव्यांश, सरला देवी, राजाराम पाल घायल हुए।

सीओ सुरेश मलिक ने बताया कि किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस को दोनों पक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटने के पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Comment