बह गए सवा करोड़, फिर भी नहीं बुझी प्यास

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चपुन्ना। ग्राम पंचायत में सवा करोड़ के बजट से ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया था। करीब एक साल पहले टंकी को भरने के लिए स्थापित नलकूप की 20 सोलर प्लेट व जनरेटर का सेल्फ चोरी हो गया।

एक साल से शिकायत कर रहे ग्रामीणों की अभी तक सुनवाई नहीं हुई। ओवर हेड टैंक निर्माण में पानी की तरह पैसा बह गया, फिर भी ग्रामीणों की प्यास न बुझ सकी।

ग्राम पंचायत चपुन्ना की आबादी करीब छह हजार है। चपुन्ना समेत इसके मजरा नगरिया लाल शाह और इंद्रा नगर में रहने वाले करीब 400 परिवारों तक पेयजल आपूर्ति पहुंचाने के लिए गांव सभा में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। गांव में | डलवाई गई पाइप लाइनों में मानकों का ध्यान नहीं दिया गया, जिस कारण पानी टंकी बनने के बाद इसके शुरू होने पर केवल चपुन्ना में ही कुछ घरों तक तक पानी ही पहुंच पाया।

इंद्रानगर व नगारिया लाल शाह तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंच सकी। ग्रामीण इस समस्या से निजात के लिए अफसरों की ओर निहारते रहे। इसी बीच करीब एक साल पहले नलकूप के संचालन के लिए स्थापित सोलर प्लांट की प्लेट और कुछ समय बाद जनरेटर का सेल्फ चोरी हो गया।

चोरी की एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अभी तक न तो खुलासा हुआ और न ही जल जीवन मिशन विभाग ने चोरी हुए सोलर प्लेट व जनरेटर के सेल्फ को लगाया। गांव के राजीव शर्मा, शेखर शर्मा, कुलदीप सिंह, राजेश बाथम, भोला तिवारी, रमन अग्निहोत्री, रोशनलाल बाथम, रामविलास अग्निहोत्री आदि ने डीएम को पानी की टंकी से सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।

Leave a Comment