1- एडीजी के आदेश पर चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
ADG के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर और जेठानी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के हाफीजनगर की रहने वाली शकीला बानो का आरोप है कि उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई है। आरोप है कि उसके पति गाली देते हुए मारपीट करते हैं। वह बच्चे का खर्च मायके से लाने का दबाव बनाते हैं। उसके मायके के लोग जो पैसा देते हैं। वह पति छीन लेता है। उस पर एसी, फ्रीज, और टीवी खरीदने का दबाव बनाया जाता है। एक दिसंबर 2023 को ससुरालियों ने उसे पीटकर घायल कर दिया।
2- युवती के हत्या मे आरोपित को हुआ उम्रकैद
हत्या का जुर्म सिद्ध पाए जाने पर अपर सत्र न्यायाधीश पंकज श्रीवास्तव ने गोरखनाथ थाना क्षेत्र के अमरूतानी बाग भौरहिया झोपड़पट्टी निवासी अभियुक्त एबरार उर्फ राजू को आजीवन कारावास एवं 11 हजार रुपए अर्थदंड से दण्डित किया है। अर्थदंड न देने पर अभियुक्त को एक साल एक माह का कारावास अलग से भुगतना होगा।
3- नाबालिग से छेड़खानी मे 5 साल की सजा
नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म का प्रयास करने के जुर्म में विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट गोविंद मोहन ने गोरखनाथ थाना क्षेत्र के हुमायूंपर उत्तरी निवासी अभियुक्त सचिन उर्फ कौशलकांत व नीरज उर्फ कृष्णकांत को पांच साल के कठोर कारावास एवं 27 हजार रुपए अर्थदंड से दण्डित किया है।
4- स्कूली छात्रा को पिकप ने रौंदा, नाबालिग चालक गिरफ्तार।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के सरैया में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल आयी छात्रा अंशिका (10 वर्ष) को एक नाबालिक पिकअप चालक ने रौंद दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गयी। परिजन जब तक उसे सदर अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गयी। छात्रा की मौत के मामले की सूचना पर थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय भी सदर अस्पताल पहुंच गये और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पिकप और नाबालिग चालक को हिरासत में ले लिया है।
5- साईकिल की दुकान पर लगी आग, लाखों-लाख का नुकसान
खजनी कस्बे में बुधवार की रात साइकिल की दुकान में आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ। आग लगने पर मकान में सो रहे किसी तरह से निकलकर भागे। आग बुझाने की कोशिश में एक व्यक्ति घायल हो गया। आधी रात को हुई घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई।
मिली जानकारी के अनुसार खजनी कस्बे में अशोक कुमार गोंड की गोंड साइकिल स्टोर नाम से दुकान है। दुकान की पहली और दूसरी मंजिल पर परिजन रहते हैं। बुधवार की शाम भोजन करने के बाद परिवार के लोग सो गए। रात में करीब 12 बजे साइकिल स्टोर में आग लग गई। धुआं और लपटें उठने पर लोगों को जानकारी हुई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। लोगों ने बिजली कर्मियों को फोन करके बिजली कटवाई।
6- योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के बाहर वकीलो का प्रदर्शन
कलक्ट्रेट कचहरी परिसर में बने छायाकुंज को तोड़ने के विरोध में वकीलों ने गुरुवार को गोकुल अथिति भवन के सामने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के ठीक पहले अधिवक्ताओं के प्रदर्शन से पुलिस प्रशासन की सांस फूल गई। एसपी सिटी क बिश्नोई ने अधिवक्ताओं को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने पुलिस और प्रशासन के अधिकारी, अधिवक्ताओं को समझाकर कार्यक्रम स्थल से हटाने के प्रयास में लग रहे। लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। शुक्रवार को प्रशासन और अधिवक्ता पदाधिकारी के बिच बैठक की सहमती के बाद वकील वापस कलेक्ट्रेट लौटे
7- युवक का लटकता मिला शव, अवैध संबंधो मे हत्या का आरोप
गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल नाकिन टोला बिचऊपुर में गुरुवार को 35 वर्षीय युवक का अपने कमरे में फंदे से लटकता शव मिला। उसकी जीभ बाहर निकाली हुई थी। छोटे भाई ने फंदा काटकर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने पड़ोस में कबाड़ की दुकान चलाने वाले युवक से बहु के अवैध संबंध में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के बेटे अमित का कहना है कि मम्मी का आशिक जितेंद्र की वजह से मम्मी पापा में अक्सर झगड़ा होता था। जितेंद्र ने ही मम्मी के साथ मिलकर पिता की हत्या करवा दी है। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके तीन लड़के अरुण (12), अमित (10) एवं साहिल (8) हैं। मृतक के पिता ने गुलरिहा पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
8- नई बाजार चौकी इंचार्ज की योगी आदित्यनाथ से की शिकायत
झंगहा क्षेत्र के नई बाजार पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों द्वारा तीन सगे भाइयों की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित भाइयों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को शिकायती पत्र भेज कर न्याय की गुहार लगाई है। झंगहा क्षेत्र के नरेंद्रपुर निवासी संतोष कुमार यादव ने बताया कि 24 मार्च को नई बाजार चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी उनके सहज जनसेवा केंद्र पर फ़ोटो कॉपी कराने आये थे। आरोप लगाया कि फ़ोटो कॉपी का पैसा मांगा तो गाली देते हुए चले गए। फिर 25 मार्च को चाची के साथ गाड़ी का कागज लेकर चौकी पर गया तो पुलिस वाले मुझे देख कर आग बबूला हो गए, और गाली-गलौज करने लगे, इसी बीच हमारे दो भाई भी आ गए। चौकी पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तीनों भाइयों को लाठी से पीटकर घायल कर दिया। बड़े भाई अजय यादव का कान का पर्दा फट गया। नई बाजार चौकी की पुलिस ने तीनों भाई अजय कुमार यादव, संतोष कुमार यादव व विपिन कुमार यादव को शांतिभंग में चालान भी कर दिया। पीड़ित का कहना है कि मामले में दोषी पुलिस कर्मियों पर कारवाई नही हुई तो वह न्यायालय की शरण लेंगे।
नीचे घंटी पर क्लिक कीजिए और allow कर दिजीए
9- प्रदेश के नगर निगम कर वसूली में चौथे नंबर पर गोरखपुर
वित्तीय वर्ष 2023-24 में कर वसूली में गोरखपुर नगर निगम सूबे में चौथे नम्बर है। इस मामले में मुरादाबाद, फिरोजाबाद और मथुरा के बाद गोरखपुर का नाम है।बीते वित्तीय वर्ष में नगर निगम को कुल 69.03 करोड़ रुपये की आय हुई है जो पिछले वित्तीय वर्ष में हुई आय 17.04 करोड़ रुपये अधिक है।
10- गोरखपुर आये योगी आदित्यनाथ ने कहा, चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिए
गोकुल अतिथि भवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव संचालन समिति के जिम्मेदारों से कहा कि इस समय पूरे देश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। लोकसभा चुनाव का परिणाम भी इसी के अनुरूप आएगा। जरूरत बूथ स्तर तक सक्रियता, तत्परता और सजगता की है।
बूथ जितना मजबूत होगा, परिणाम भी उतना ही जबरदस्त आएगा। बूथ को जीतना ही चुनाव जीतने का सबसे कारगर फार्मूला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी, इसमें तनिक भी संदेह नहीं है। पर, चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिए। इसलिए हमें अति आत्मविश्वास से बचते हुए कार्य करना होगा।







