भाजपा गोरखपुर-बस्ती मंडल के 41 विधानसभा में 8200 साइबर योद्धा तैयार कर रही है। इन योद्धाओं को चिन्हित किया जा रहा है। इन्हें प्रशिक्षित किए जाने की तैयारी है। भाजपा के साथ ही सपा, कांग्रेस से लेकर बसपा ने सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए कार्य योजना तैयार की है।
साइबर योद्धा के बलबूते मैदान मे उतरेगी , बीजेपी
भाजपा प्रत्येक विधानसभा में 200 साइबर योद्धा तैयार कर रही है। कार्यकर्ताओं के बीच से ही इनका चयन किया जा रहा है। चयन का अधार पेज व्यू के साथ सोशल मीडिया के दोस्त हैं। इन्हें जिले के साथ ही प्रदेश की सोशल मीडिया टीम ने जोड़ा जाएगा। महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा से 200-200 साइबर योद्धा तैयार किये जा रहे हैं। इन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही 10 अप्रैल के बाद प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में सोशल मीडिया मीट का आयोजन किया जाएगा। प्रयास है कि भाजपा का काम हर वोटरों तक पहुंचाया जाए।
सोशल मीडिया को संभाल रही 28 युवाओं की टीम, सपा
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर सक्रियता के लिए जिले और महानगर की दो टीम बनाई हैं। दोनों ही टीमों में 28 प्रभारी बनाए गए हैं। जिनमें से दो मुख्य प्रभारी हैं। जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रविन्द कुमार यादव ने बताया कि सोशल मीडिया टीम में सभी प्रभारी जुड़े हुए हैं। टीम द्वारा पार्टी द्वारा प्रेषित हुए कंटेंट को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, एक्स व इंस्टाग्राम पर फारवर्ड किया जाता है। इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भाजपा सरकार की नाकामियों और गलत नीतियों की आलोचना की जाती है। इसके साथ ही साथ सपा सरकार द्वारा पूर्व में किए गए बेहतरीन कार्यों के बारे में लोगों को अवगत कराया जाता है। टीम के प्रभारियों द्वारा भाषा शैली और सीमाओं का ख्याल रखा जाता है।
कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय कर रही, बसपा
बसपा जिलाध्यक्ष ऋषि कपूर कहते हैं कि हमारी पार्टी की ओर से जिले में किसी प्रोफेशनल को हॉयर नहीं किया गया है। बूथ लेवल कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के अन्य पदाधिकारीगण अपने सोशल मीडिया के जरिए बहन मायावती जी की सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी दे रहे हैं। पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। बसपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि हमें झूठ नहीं परोसना है। इसलिए सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारीगण ही उपलब्धियों और योजनाओं के बारे में अपने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी प्रकाशित कर रहे हैं।
सोशल मीडिया को लेकर बना रही रणनीति, कांग्रेस
सोशल मीडिया पर सक्रियता के मामले में कांग्रेस अभी रणनीति बनाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान ने बताया कि इंडिया गठबंधन का हिस्सा कांग्रेस बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में ब्लाकवार गठबंधन के साथियों की बैठक में व्यस्त है। 5 अप्रैल को देवरिया जिले में बरहज एवं रुद्रपुर में गठबंधन के साथियों की साक्षा बैठक होगी। उसके बाद सोशल मीडिया से लेकर सभी मोर्चे पर चुनावी रणनीति बनाई जाएगी।





