मौत बनकर दौड़ रहे कटरी में खनन में लगे ओवरलोड डंपर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

गुगरापुरः-(कन्नौज)ओवरलोड बालू भरकर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने मंगलवार की शाम ब्लाक गुगरापुर क्षेत्र के ग्राम पडुआपुर के सामने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया था। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद लोगों ने ओवरलोड तेज रफ्तार डंपरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण खनन में लगे वाहन सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं।

ब्लाक गुगरापुर के ग्राम बारामऊ-सराय के पास गंगा नदी में बालू खनन का पट्टा चल रहा है। वर्षा के मौसम में गंगा नदी में जल स्तर बढ़ने के चलते बालू खनन का कार्य ठप हो जाता है। इसलिए बालू सप्लाई में अवरोध न हो और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए पट्टाधारक द्वारा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम चांदापुर के समीप खेतों में भारी मात्रा में बालू डंप की जा रही है। बालू डंपिंग के कार्य में लगे डंपर चालक ओवरलोडिंग कर रहे हैं और डंपर को तेज रफ्तार में खनन स्थल से डंपिंग स्थल तक दौड़ाते हैं।

यह भी पढ़े:-अंतरिक्ष के लिए उड़ान भर शुभांशु ने रचा इतिहास, भावुक माता-पिता बोले- उन पर नाज है

इससे हादसे का खतरा मंडराता रहता है। मंगलवार को हुए हादसे में दो युवकों की मौत से पूर्व भी डंपरों की चपेट में आने से कुछ दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर गुगरापुर में एक बड़ी समस्या बन गए हैं। ओवरलोड डंपरों से न केवल सड़कों की गुणवत्ता खराब हो रही है बल्कि यातायात की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार, खनन करने वाले और चालक नियमों का पालन नहीं करते।

Leave a Comment