भारत की लगाम न्यूज छिबरामऊ :- कन्नौज में यूजीसी के विरोध में छिबरामऊ से कन्नौज जा रही सवर्ण समाज की पदयात्रा को मंगलवार शाम सौरिख तिराहे पर पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने लाठी चलाई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एनएच-34 पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया।
पदयात्रा के लिए सवर्ण समाज के लोग मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कालिका देवी मंदिर पर एकत्र हुए थे। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारी कन्नौज की ओर रवाना हुए। सौरिख तिराहे पर पुलिस ने यात्रा को रोक दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद माहौल गरमा गया और अन्य लोग हाईवे पर पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों ने एनएच-34 पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। करीब 20 से 25 मिनट तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे की गाड़ी के आगे प्रदर्शनकारी खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें गाड़ी के आगे से हटाने का प्रयास किया तो भीड़ के साथ उनकी झड़प हो गई। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लाठी चलाने का आरोप लगाया।
एसडीएम ने समझाकर खुलवाया जाम
विवाद की सूचना मिलते ही एसडीएम छिबरामऊ ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी और सीओ सुरेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जाम खोलने के लिए तैयार हुए। एसडीएम ने कहा कि प्रदर्शनकारी नियमानुसार ज्ञापन दे सकते हैं, लेकिन सड़क जाम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
तहसील पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
जाम खुलने के बाद प्रदर्शनकारी तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के विरोध में अपनी मांगें रखीं और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहे।







