भारत की लगाम न्यूज़ छिबरामऊ (कन्नौज):- नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ में हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट में कार्य कर रहे कल्यानपुर गांव का इंजीनियर भी लापता है। चार दिन से बेटे की जानकारी न मिलने पर शनिवार को परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिजन बेटे के सकुशल आने की दुआ कर रहे है।
नेपाल के दुर्गम पहाड़ों में आ ई प्राकृतिक आपदा के बीच छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर गांव का एक होनहार इंजीनियर लापता हो गया है। त्रिशूली अपर हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट में कार्यरत 31 वर्षीय हिमांशु शाक्य का 26 अगस्त से परिजन से संपर्क नहीं हो सका है।
हिमांशु जिस इलाके में तैनात हैं वहां वाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। चार दिन से बेटे की खबर न मिलने से पैतृक गांव से लेकर भोपाल तक परिजन की सांसें अटकी हुई हैं।
भाई दीपांशु के अनुसार, जिस जगह हिमांशु की तैनाती है, वहां इस समय बाढ़ और भूस्खलन का विकराल रूप देखने को मिल रहा है। मोबाइल बंद होने और लगातार प्रयास के बाद भी संपर्क न हो पाने
पर परिजन को अनहोनी का डर सताने लगा है। हिमांशु के माता-पिता वर्तमान में भोपाल में बड़े बेटे दीपांशु के पास रह रहे हैं।







