भारत की लगाम न्यूज़ गाजियाबाद:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा में उपद्रव और तोड़फोड़ करने वालों पर रविवार को गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि उपद्रव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और उनके पोस्टर चस्पा किए जाएंगे। उधर, गाजियाबाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के बाद दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर के कार्य में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में कांवड़ यात्रा के दौरान उपद्रव करने की घटनाओं को गंभीरता से संज्ञान में लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक यात्रा को बदनाम करने वालों के पोस्टर चस्पा होंगे। उन्होंने कहा कि सबके सीसीटीवी हैं, जिन्होंने कांवड़ यात्रा को बदनाम करने का प्रयास किया है। जो भी उपद्रवियों के भेष में छिपे हैं, बेनकाब होंगे। मुख्यमंत्री ने आगाह भी किया कि कांवड़ यात्रा में जहां उत्साह और उमंग है, श्रद्धा और भक्ति है, वहीं इस उत्साह और श्रद्धा को बदनाम करने का कुंचित प्रयास किया जा रहा है।
कानून हाथ में न लें :- मुख्यमंत्री ने कहा है कि सोशल मीडिया के साथ अन्य माध्यमों से इस धार्मिक यात्रा को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे लोगों को अपने बीच में न घुसने दें। कांवड़ को खंडित करने और श्रद्धा से जो खिलवाड़ करता है, तो खुद कानून हाथ में न लें बल्कि उनके बारे में प्रशासन को सूचना दें।
दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर का कार्य तेज होगाः- गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने महंत नारायण गिरी से दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर को लेकर चर्चा की। इसके बाद पर्यटन विभाग से कॉरिडोर निर्माण की प्रगति पर भी जानकारी ली। उन्होंने दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर को लेकर निर्देश दिए।








