भारत की लगाम न्यूज़ लखनऊः- भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें महान न्यायविद, संविधानशिल्पी और अर्थशास्त्री बताते हुए नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने की सीख दी। डा. भीमराव आंबेडकर महासभा परिसर में मंगलवार शाम पांच बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबासाहब ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प पर काम किया। अखिलेश यादव से पूछा कि सपा की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कालेज, केजीएमयू और भाषा विश्वविद्यालय से बाबासाहब और सामाजिक न्याय के प्रणेता का नाम कैसे हटाया ? डा. आंबेडकर के नाम पर बने जिलों का नाम क्यों बदला गया? पूछा कि बांग्लादेश में दलित जवान को जलाया गया तो कोई क्यों नहीं बोला ? कहा कि स्टेट गेस्ट हाउस में महिलाओं के साथ हुई बर्बरता से सपा का चरित्र सबके सामने आ चुका है। साफ किया कि संविधान, तिरंगा, राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत का अपमान बाबासाहब का अपमान होगा, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दलितों को घर बनाने के लिए जमीन का पट्टा अनिवार्य रूप से मिलेगा, वहीं सफाई कार्य से जुड़ी महिलाओं का मानदेय भी बढ़ेगा।
योगी ने कहा कि बंटवारे के बाद पाकिस्तान गए जोगेंद्र नाथ मंडल की क्या स्थिति हुई, दुनिया जानती है, लेकिन बाबासाहब के दिल में हमेशा भारतवर्ष धड़कता रहा।
आंबेडकर महासभा परिसर पहुंचे योगी ने सबसे पहले आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबासाहब को नमन किया। कहा कि हर दलित, शोषित, वंचित व महिला जब न्याय की आस रखती है, तो यह रोशनी बाबासाहब से आती है। सपा व कांग्रेस ने दलितों से नफरत की। बाबासाहब का रास्ता बंद किया। अखिलेश यादव पर तंज कसा। कहा कि ‘ये चांदी का चम्मच लेकर आए। इन्हें पीड़ितों, शोषितों व दलितों के दर्द से क्या लेना?’ सीएम ने कहा कि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कन्नौज मेडिकल कालेज का नाम फिर से बाबासाहब के नाम पर रखने के लिए निष्ठा से प्रयास किया। कांग्रेस ने बाबासाहब को भारत रत्न नहीं दिया। आज वो संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं। असीम अरुण की अगुआई में 75 जिलों में एक साथ बाबासाहब की प्रतिमा पर सफाई, बाउंड्री वाल और छतरी निर्माण शुरू किया गया है। संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि व बिजली पासी समेत सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं को संरक्षित किया जाएगा। संत रविदास की जन्म भूमि वाराणसी में बेहतर व्यवस्था की गई है। महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या एयरपोर्ट का नाम रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबासाहेब की स्मृति में पंच तीर्थ बनाया। डबल इंजन की सरकार हर पिछड़े के साथ है। मुख्यमंत्री ने एक स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर बेबीरानी मौर्य, राज्य बृजलाल आदि उपस्थित थे।








